कारों और खासकर महंगी कारों की बिक्री इन दिनों देश के छोटे शहरों में काफी तेजी से बढ़ रही है। इसे देखते हुए कार निर्माता देश के छोटे शहरों में पांव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
ऐसे ही शहरों में एक है मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल, जहां इन दिनों एक ऑटो एक्सपो का आयोजन किया गया है। चार दिवसीय व्यापार मेले में यहां मारुति सुजुकी, टोयोटा, ह्युंडई, निसान, बीएमडब्ल्यू, जगुआर, रेनो और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी कम से कम 14 कार निर्माता कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।
निर्माताओं का कहना है कि भोपाल जैसे बाजारों का काफी तेजी से विकास हो रहा है। बीएमडब्ल्यू के बिक्री सलाहकार नीलेश तिवारी ने कहा, ‘हम 20 कारों की बिक्री से शुरुआत करना चाहते हैं। लेकिन यदि मौजूदा रफ्तार जारी रही तो हम (2012 में) उम्मीद से अधिक बिक्री करेंगे।’
बीएमडब्ल्यू अगली तिमाही के आखिर में मध्य प्रदेश में अपना अलग सर्विस सेंटर खोलना चाहती है। जगुआर लैंड रोवर राज्य में अपने डीलर के चुनाव की प्रक्रिया में हैं।
बिक्री प्रबंधक समीर एहसान ने कहा, ‘शुरुआती शोध से पता चला कि यहां के लोग दूसरे शहरों से महंगी श्रेणी के कार खरीदते हैं। हम इस खाली जगह को भर कर अपने दो कार ब्रांडों जगुआर और लैंड रोवर का अलग बाजार बनाना चाहते हैं।’ मेले में प्रदर्शित जगुआर पर 96 लाख रुपये की कीमत लगाई हुई है, जबकि लैंड रोवर पर 41 लाख रुपये की कीमत लगाई हुई है।
बताया जा रहा है कि मित्सुबिशी पजेरो की बिक्री भोपाल में नागपुर से भी अधिक होती है। बिक्री सहायक प्रबंधक एस.एम. शेख ने कहा, ‘हम औसतन हर माह भोपाल में आठ पजेरो बेच लेते हैं। यह नागपुर में होने वाली बिक्री से अधिक है।’
0
खबर पर अपनी राय दें