एल्युमीनियम क्षेत्र की प्रमुख कंपनी हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के मुनाफे में कमी दर्ज की गई है। गत 31 दिसंबर को समाप्त हुई चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कांपनी ने 451 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 600 करोड़ रुपये की तुलना में कम है। अपनी रिपोर्ट में कंपनी ने बताया है कि इस तिमाही में उसके कारोबार में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। इस अवधि में उसका कारोबार बढ़कर 6647 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि वित्त वर्ष 2010-11 की समान अवधि में यह राशि 5975 करोड रुपये रही थी। एजेंसी
अदानी एंटरप्राइजेज का मुनाफा 14.2 प्रतिशत घटा
नई दिल्ली। अदानी समूह की बुनियादी सुविधाओं के विकास से जुड़ी प्रमुख कंपनी अदानी एंटरप्राइजेज के लाभ में कमी दर्ज की गई है। 31 दिसंबर को समाप्त इस वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 407.28 करोड़ रुपये रहा जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 474.41 करोड़ रुपये की तुलना में 14.2 प्रतिशत कम है।
कंपनी द्वारा जारी आंकड़ों में बताया गया है कि चालू वित्त वर्ष की इस अवधि में हालांकि उसके कारोबार में 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वित्त वर्ष 2010..11 की तीसरी तिमाही में उसने 5642.6 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जो चालू वित्त वर्ष की समान अवधि में बढ़कर 9037.98 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
राजेश एक्सपोर्ट्स का लाभ 50 प्रतिशत बढ़ा
नई दिल्ली। शुभ ज्वेलर्स के नाम से आभूषणों का रिटेल नेटवर्क संचालित करने वाली कंपनी राजेश एक्सपोर्ट्स लिमिटेड ने गत 31 दिसंबर को समाप्त तीसरी तिमाही में 114.76 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 76.12 करोड़ रुपये की तुलना में 50 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने बताया कि इस अवधि में उसका कारोबार 26 प्रतिशत बढ़ा है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 5175.87 करोड़ रुपये की तुलना में चढ़कर 6518.2 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने बताया कि इस अवधि में उसके पास 4912 करोड़ रुपये के आर्डर थे और इन आर्डरों के मार्च 2012 तक पूरा होने की संभावना है।
टाटा स्टील को 605 करोड़ का घाटा
जमशेदपुर। दुनिया की दस सबसे बड़ी इस्पात उत्पादक कंपनियों में शुमार टाटा स्टील को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान करीब 605 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में इसे 1,059 करोड़ का शुद्ध लाभ हुआ था। कंपनी की ओर से जारी एकीकृत परिणामों के अनुसार गत 31 दिसंबर को समाप्त तीसरी तिमाही में कंपनी को यह घाटा हुआ है। हालांकि कुल मिलाकर वर्ष 2011-12 के पहले नौ माह में कंपनी को 4,956 करोड़ का कर पश्चात लाभ हुआ है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 4,807 करोड़ से 149 करोड़ रुपये अधिक है। तीसरी तिमाही के दौरान कंपनी का कुल टर्न कारोबार ओवर भी पिछले वर्ष के 29,089 करोड़ की तुलना में बढ़ कर 33,103 करोड़ रुपये हो गया।
बीपीसीएल का शुद्ध लाभ 17 गुना बढ़ा
मुबई। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (बीपीसीएल) का शुद्ध लाभ 31 दिसंबर को समाप्त तीसरी तिमाही में 17 गुना बढ़कर 3,139.60 करोड़ रुपये हो गया। तीसरी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 187.38 करोड़ रुपये रहा था। आलोच्य अवधि में कंपनी की कुल आय वित वर्ष 2010-11 की दिसंबर तिमाही के 36,996.22 करोड़ रुपये की तुलना में बढ़कर 59,263.39 करोड़ रुपये हो गई। दिसंबर 2011 मे समाप्त तिमाही में कंपनी की शुद्ध बिक्री में भी इजाफा रहा और यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 36,666 करोड़ रुपये की तुलना में 60 प्रतिशत बढ़कर 58,824 करोड़ रुपये हो गई।
आरकॉम के लाभ में 61 फीसदी की गिरावट
नई दिल्ली। रिलायंस कम्यूनिकेशन ने बीते तिमाही में अपने शुद्ध लाभ में 61 फीसदी की जबरदस्त गिरावट दर्ज किया है। लगातार दसवीं तिमाही में कंपनी ने लाभ में कमी दर्ज की है। अनिल अंबानी नियंत्रित देश की इस दूसरी सबसे बड़ी मोबाइल फोन ऑपरेटर कंपनी ने बीते दिसंबर को समाप्त तिमाही में 1.86 अरब रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया जबकि बीते साल की समान अवधि में कंपनी ने 4.80 अरब रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
0
खबर पर अपनी राय दें