घोर वित्तीय संकट से जूझ रही विजय माल्या की एयरलाइंस किंगफिशर ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को उडानों की संशोधित सूची सौंपी। इसमें कंपनी ने कहा है कि वह 64 विमानों में से फिलहाल केवल 28 का ही परिचालन करेगी।
हर उड़ान की होगी सुरक्षा की जांच
डीजीसीए प्रमुख ई के भारत भूषण से किंगफिशर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय अग्रवाल की कल हुई मुलाकात में एयरलाइंस को 24 घंटे के भीतर उड़ानों की नई संशोधित सूची सौंपने का निर्देश दिया था। भूषण ने संवाददाताओं से कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को उच्च प्राथमिकता देते हुए यह फैसला किया गया है कि एयरलाईस की जो भी उड़ान परिचालन में हैं, उनकी सुरक्षा की जांच की जाएगी।
यात्रियों की सुविधा पहले
किंगफिशर के खिलाफ किसी कठोर कार्रवाई के संबंध में डीजीसीए ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई इरादा नहीं है, हमारी चिंता इसमें है कि एयरलाइंस फिर से पटरी पर लौटे। दंड देने को ज्यादा प्राथमिकता नहीं है, क्योंकि फौरी समस्या उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को हो रही भारी सुविधा से निजात दिलाना है।
किंगफिशर ने ऋणपत्रों के बदले शेयर आवंटित किए
किंगफिशर एयरलाइंस ने ब्याज भुगतान में दी जाने वाली राशि बचाने के मकसद से वैकल्पिक परिवर्तनीय ऋणपत्र (ओसीडी) के एवज में 7.98 करोड शेयरों का आवंटन किया है। किंगफिशर ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को ओसीडी के बदले में शेयर आवंटित किए जाने की जानकारी दी है। उसने बताया है कि एलकेपी सिक्यूरिटीज, रीडेक्ट कंसल्टेंसी और स्टार इंवेस्टमेंट्स को 25.01 रूपए प्रति शेयर के हिसाब से कुल 7.98 करोड शेयर आवंटित किए गए हैं।
किंगफिशर के इस कदम से ओसीडी पर ब्याज के रूप में दी जाने वाली एक बड़ी राशि बच जाएगी। अब कंपनी की कुल शेयर पूंजी 497 करोड रूपए से बढ़कर 577 करोड रूपए हो गई है। गौरतलब है कि किंगफिशर ने गत वर्ष जनवरी में आठ फीसदी की ब्याज दर पर तीन फर्मों को सात करोड़ ओसीडी जारी किए थे। ओसीडी के प्रावधानों के मुताबिक 18 महीनों के भीतर इन ऋणपत्रों को शेयरों के रूप में तब्दील किया जा सकता है।
विश्लेषकों के मुताबिक किंगफिशर ने आर्थिक संकट से निपटने के लिए बैंकों से मदद की उम्मीद कम हो जाने के बाद यह कदम उठाया है। आर्थिक समस्याओं के चलते पायलटों और अन्य कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं हो पाने के कारण ये लोग बड़ी संख्या में अचानक छुट्टी पर चले गए हैं। इस वजह से गत शनिवार से किंगफिशर की उडानें लगातार रद्द हो रही हैं।
0
खबर पर अपनी राय दें