ब्रिटिश नागरिक कीथ मार्टिन को दुनिया के सबसे मोटे और वजनी व्यक्ति का ताज मिल सकता है। मार्टिन (42) का वजन तकरीबन 368.32 किलो है। वह सुबह के नाश्ते में 8 हॉट डाग खा जाते हैं। उनके भारी-भरकम डीलडौल के कारण उनकी देखभाल में 18 लोग लगे रहते हैं। इन 18 लोगों में मेडिकल प्रोफेशनल और एंबुलेंस स्टाफ भी शुमार है।
रिपोर्ट के मुताबिक इस तरह उनके ऊपर नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) का बड़ अमला लगा रहता है। उनके हार्लसेडन स्थित घर के नजदीक नॉर्थ-वेस्ट लंदन के अस्पताल ले जाने के लिए आठ एंबुलेंसकर्मी हर समय उनके पास रहते हैं, क्योंकि उन्हें जल्दी जल्दी अस्पताल ले जाना पड़ता है। मेडिकल कर्मियों का कहना है कि उन्हें अपना आधा वजन कम करने की जरूरत है।
रिपोर्ट के अनुसार मार्टिन ने वजन के मामले में रिकॉर्डधारी मैक्सिको के मैनुअल यूराइब को पीछे छोड़ दिया है, हालांकि मैनुअल का नाम अभी भी सबसे वजनी व्यक्ति के तौर पर गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज है। मार्टिन ने चैनल-5 के साथ एक डॉक्यूमेंट्री में कहा कि जब वह 16 वर्ष के थे तो उनकी मां का निधन हो गया, उसके बाद उन्होंने किसी भी चीज की परवाह करनी छोड़ दी। डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार मार्टिन ने कहा कि मैंने इस चीज की परवाह करनी छोड़ दी की हमें क्या होगा, हम सब कुछ खा लेते थे। इसके लिए हम खुद जिम्मेदार हैं।
0
खबर पर अपनी राय दें