इटली में दशकों की सबसे भयानक ठंड से शनिवार को मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 60 हो गई। मध्य इटली के कई छोटे शहरों में हिमपात के कारण परिवहन एवं विद्युत सेवाएं बाधित हो गई है, जहां हजारों की संख्या में लोग अपना घर-बार छोड़ अन्यत्र चले गए हैं।
रोम में हाईअलर्ट घोषित
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार ‘राय’ टेलीविजन ने कहा है कि शनिवार को मृतकों की संख्या बढ़कर 60 हो गई। इसमें कई बजुर्ग थे, जिनकी ठंड के कारण मौत हो गई। रोम में हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है। स्कूल और सरकारी कार्यालय बंद कर दिए गए हैं, जबकि राजधानी के अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से आधी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
तापमान शून्य से 30 डिग्री नीचे
पूरे इटली में रेलगाड़ियां या तो विलंब से चल रही हैं या उन्हें रद्द कर दिया गया है। रेल मार्गों और राजमार्गों को अस्थाई तौर पर बंद कर दिया गया है। इसके कारण यातायात जाम है और हजारों की संख्या में लोग अपने वाहनों में फंसे हैं। पूरे इटली में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, और उत्तरी पीमोंटे क्षेत्र में शून्य से 20 डिग्री और माउंट रोसा में शून्य से 30 डिग्री नीचे पहुंच गया है।
अगले सप्ताह में मिलेगी कुछ राहत
विशेषज्ञों के अनुसार ठंड का मौजूदा दौर अगले सप्ताह के मध्य तक बना रह सकता है। इसके कारण कुछ जंगली जानवर रिहायशी इलाकों में पहुंच गए हैं। मध्य रिमिनी के पास काम पर जाते समय एक व्यक्ति को एक भेड़िए द्वारा घायल किए जाने की खबर है।
0
खबर पर अपनी राय दें