प्रतिनिधि सभा में बलूचिस्तान पर पेश प्रस्ताव से इसलामाबाद और वाशिंगटन के बीच दूरी भले ही बढ़ी हो, लेकिन ईरान पर दबाव बढ़ाने के लिए अमेरिका को पाकिस्तान की मदद की दरकार है। एक रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका अब ईरान से लगे पाक के बलूचिस्तान प्रांत में खुफिया ठिकाने बनाना चाह रहा है, इसके लिए वाशिंगटन इसलामाबाद पर दबाव डाल रहा है। अमेरिका चाहता है कि पाक उसे ईरान के खिलाफ खुफिया ऑपरेशन चलाने के लिए बलूचिस्तान में ठिकाने स्थापित करने की अनुमति दे।
इसलामाबाद पर दबाव बनाने की रणनीति
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने अपनी रिपोर्ट में पाक अधिकारी के हवाले से लिखा है कि अमेरिका ईरान की सीमा के नजदीक खुफिया ठिकाने स्थापित करना चाहता है। अधिकारी ने कहा, ‘अमेरिकी संसद में बलूचिस्तान पर प्रस्ताव इसी कड़ी में इसलामाबाद पर दबाव बनाने की रणनीति के तहत पेश किया गया है। अमेरिकी ईरान के खिलाफ हमारी जमीन का इस्तेमाल करना चाहते हैं, इसकी हम कभी अनुमति नहीं देंगे।’
देश की जमीन के इस्तेमाल की अनुमति कभी नहीं
रिपोर्ट के अनुसार इस बात की पुष्टि करने वाले तीन अधिकारियों में से दो पाक सुरक्षा एजेंसियों से हैं और एक राजनयिक हैं। इन अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि अमेरिकी राजनयिक और सैन्य अधिकारी ईरानी सीमा के नजदीक बलूचिस्तान में अपने एजेंटों के काम करने के लिए अनुमति मांगी है। इस बात का खुलासा अमेरिकी संसद में बलूचिस्तान पर पेश प्रस्ताव के बाद हुआ है। गौरतलब है कि हाल ही में त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद इसलामाबाद आए थे। सम्मेलन के अंतिम दिन पाक के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने उन्हें इस बात का भरोसा दिया था कि उनका देश ईरान विरोधी गतिविधियों के लिए अपने देश की जमीन के इस्तेमाल की अनुमति कभी नहीं देगा।
0
खबर पर अपनी राय दें