घर, कोठी और अपार्टमेंट की सेल के विज्ञापन तो आपने देखे होंगे लेकिन फ्रांस में पूरा एक गांव बिकाऊ है। लिमोजिस सिटी के नजदीक कॉरबेफाई नामक कुछ लाख डॉलर की कीमत पर बिकाऊ है। आर्थिक मंदी के चलते 1970 में इस गांव के लोग अन्यत्र चले गए और अब स्थानीय ज्यूडिशियल अथॉरिटी ने यह गांव बेचने का फैसला कर लिया है। 19 घर, रेस्त्रां, टेनिस कोर्ट और स्विमिंग पूल वाले इस गांव की कीमत है महज 275, 000 डॉलर।
सबसे खास बात ये है कि ये गांव लिमोजिस सिटी से महज तीस मील की दूरी पर है। लिमोजिस सिटी क़ा पेरिस से डायरेक्ट रेल और रोड ट्रांसपोर्ट जुड़ा है। लेकिन दुख की बात ये है कि इतनी कम कीमत होने के बावजूद अभी तक इस गांव का कोई खरीदार नहीं मिला है।
कौन रहता था कॉरबेफाई में
कॉरबेफाई में लिमोजिन प्रांत के ग्रामीण रहा करते थे। एक समय यहां ग्रामीण जीवन काफी खुशहाल और उन्नत था। लेकिन आर्थिक मंदी की चपेट में आकर सब चौपट हो गया। लोग-बाग परिवार को लेकर रोजगार की तलाश में शहरों की ओर चले गए और गांव खाली हो गया। यहां करीब 200 लोग रहा करते थे और उनके आर्थिक हालात काफी अच्छे थे।
अब क्या है स्थिति
19 मजबूत और सुरक्षित घरों के अलावा कम्यूनिटी हॉल, टेनिस कोर्ट, दुकानें और एक स्विमिंग पूल भी है। लेकिन देखभाल के अभाव में सब कुछ अव्यवस्थित और धूल मिट्टी में अटा पड़ा है। नजदीक के गांव में रहने वाले लोगों ने बताया कि पहले यह गांव खुशहाल था लेकिन लोगों के जाने के बाद इस गांव की स्थिति दयनीय हो गई है। यहां लोगों की बसावट होनी चाहिए ताकि यहां खुशहाली फैल सके।
हॉट स्पॉट है कॉरबेफाई
कॉरबेफाई गांव का महत्व इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि यहां 13वीं सदी के अवशेष मौजूद हैं। यहां करीब 100 साल पुराना गिरजा भी है। पड़ोसी गांव के लोगों ने बताया कि 1970 से पहले यहां खुशहाली थी लेकिन मंदी के चलते लोग दूसरे शहरों में नौकरी के लिए जाने लगे। 1990 में सरकार ने कॉरबेफाई को हॉलीडे स्पॉट के रूप में विकसित करने का प्रयास किया। यहां होटल और रेस्टोरेंट भी बनाए गए लेकिन भारी बजट के चलते यह प्लान कामयाब नहीं हो पाया।
0
खबर पर अपनी राय दें